नींद वह परफ़ॉर्मेंस ड्रग है जिसका कोई ढिंढोरा नहीं पीटता

सालों तक मैंने नींद को वह चीज़ माना जो तब होती है जब बाक़ी विकल्प ख़त्म हो जाएँ। चार, पाँच घंटे, कभी-कभी इंस्पेक्शन सीज़न या किसी लॉन्च में उससे भी कम। मैं इसे तमग़े की तरह पहनता था। व्यस्त आदमी सोते नहीं। देखो मैं कितना व्यस्त हूँ।

असल में मैं अगले दिन से भयानक ब्याज पर उधार ले रहा था, और फिर पहला क़र्ज़ चुकाने के लिए उसके अगले दिन से उधार ले रहा था। मुझे पता नहीं चला क्योंकि मेरे प्रदर्शन को आँकने वाला वही थका हुआ दिमाग़ था जो उसे पैदा कर रहा था।

कम नींद की असली क़ीमत

मैं डॉक्टर नहीं हूँ, इसलिए जो देखा है उसी पर टिका रहूँगा। पाँच घंटे पर मैं बदतर फ़ैसले लेता था, और उन्हें ज़्यादा आत्मविश्वास से लेता था। छात्रों पर बिना बात भड़क जाता था। कॉन्ट्रैक्ट तीन बार पढ़ता और फिर भी शर्तें छूट जातीं। काम में ज़्यादा वक़्त लगता, तो उसे पूरा करने के लिए और देर तक जागता, जिससे पक्का हो जाता कि अगला दिन भी वैसा ही जाएगा। थकान एक ऐसा चक्र है जो ख़ुद को बचाता है।

अब असहज परीक्षा। अपनी ज़िंदगी के सबसे ख़राब फ़ैसलों के बारे में सोचो। फिर पूछो कि उनमें से कितने तुमने पूरी नींद लेकर लिए थे। मेरे मामले में, लगभग कोई नहीं।

तमग़ा उल्टा लगा है

हमने इसे उल्टा समझ रखा है। बिना नींद के चलना प्रतिबद्धता का सबूत नहीं है। यह सबूत है कि तुमने सब कुछ सत्तर प्रतिशत पर करने का फ़ैसला किया है। जिन लोगों को मैंने दशकों तक असली काम करते देखा है, जो साठ की उम्र में भी तेज़ हैं, वे लगभग सब अपनी नींद की ऐसे हिफ़ाज़त करते हैं जो बाहर से उबाऊ दिखती है। उबाऊ ही मक़सद है। हमारे यहाँ “रात को देर तक जागकर पढ़ा” और “चार घंटे सोकर ऑफ़िस पहुँचा” तारीफ़ के वाक्य हैं। वे तारीफ़ नहीं, नुक़सान की रसीद हैं।

मैंने क्या बदला

जागने का एक तय वक़्त, हर दिन, वीकेंड समेत। इसने बाक़ी सब से ज़्यादा काम किया। सोने का वक़्त खिसकता है, पर अगर तुम एक ही वक़्त उठते हो, तो शरीर दो हफ़्तों में बाक़ी सब सँभाल लेता है।

सोने से एक घंटा पहले स्क्रीन पर सख़्त रोक। सालों तक मैं इसका विरोध करता रहा क्योंकि यह बचकाना लगता था। फिर एक हफ़्ता किया और पच्चीस साल वालों की तरह सोया।

दोपहर बारह के बाद कैफ़ीन नहीं। इसलिए नहीं कि चाय-कॉफ़ी बुरी है। इसलिए कि जो मैंने तीन बजे पी थी, वह ग्यारह बजे भी मेरे अंदर थी — और मैंने ख़ुद को यक़ीन दिला रखा था कि नहीं है।

और सबसे बड़ा: देर रात को एक क़ीमत मानना जो चुकानी है, जीत नहीं जिसका जश्न मनाना है। अगर मैं दो बजे तक जागा हूँ, तो दिन में कुछ ग़लत हुआ था, और मैं जानना चाहता हूँ क्या।

इससे क्या मिला

वही काम कम वक़्त में। कम माफ़ियाँ। उन लोगों के साथ बेहतर सब्र जो उसके हक़दार थे। और एक अजीब चीज़: आइडिया। जिन समस्याओं से मैं दिनों तक जूझता रहा था, वे आराम भरी सुबह के पहले घंटे में अपने आप सुलझ गईं। दिमाग़ अपना सबसे अच्छा काम तब करता है जब तुम कमरे में नहीं होते — पर सिर्फ़ तब, जब तुम उसे करने दो।

आज रात से शुरू करो। जागने का ऐसा वक़्त चुनो जो हफ़्ते के सातों दिन निभा सको। साढ़े सात घंटे पीछे गिनो। वही तुम्हारा बत्ती-बंद है, और आज रात यह मोल-भाव से बाहर है। दो हफ़्ते करो, फिर तय करो कि तमग़ा कभी किसी काम का था भी या नहीं।

काम

  1. पिछले कुछ सालों के अपने तीन सबसे ख़राब फ़ैसले लिखो। बग़ल में, ईमानदारी से: उससे पहली रात तुम कितने घंटे सोए थे?
  2. जागने का ऐसा वक़्त तय करो जो शनिवार-रविवार भी निभाओ। उसमें से साढ़े सात घंटे घटाओ — वही बत्ती-बंद। उठने के लिए नहीं, सोने के लिए अलार्म लगाओ।
  3. चौदह दिन: बत्ती-बंद से एक घंटा पहले स्क्रीन बंद, बारह बजे के बाद चाय-कॉफ़ी नहीं। हर सुबह 1 से 5 तक अपनी तेज़ी का अंक लिखो। फिर तुलना करो।
The Reality Code

हिंदी संस्करण

तैयार होते ही एक ईमेल।

यह लेख The Reality Code के नियमों से निकला है। हिंदी संस्करण — द रियलिटी कोड, दस भागों में 40 नियम — पूरा अनुवादित है और अब मातृभाषी पाठकों के पास है। जुड़ो, और सबसे पहले तुम्हें ख़बर मिलेगी।

अंग्रेज़ी मूल पहले Kickstarter पर फ़ंड हो रहा है।

Similar Posts